aekdamkadak.com

समस्तीपुर में तनाव: छात्रा की हत्या के बाद भड़के गांववाले, सड़क जाम कर जलाया स्कूल वाहन; पुलिस पर लापरवाही का आरोप

Samastipur student

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को कोचिंग जा रही एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बघउनी के पास दरभंगा- सिंघिया- रोसड़ा मुख्य पथ को जाम कर जमकर हंगामा किया और बहेरी स्थित एक निजी स्कूल के वाहन में आग लगा दी।

मृतका की पहचान परसा गांव के तेलिया टोल निवासी विजय कुमार मंडल की 19 वर्षीय पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में हुई। परिवार के मुताबिक, गुड़िया बीपीएससी की तैयारी के लिए रोजाना शिवाजीनगर से सटे दरभंगा जिले के बहेड़ी जाया करती थी। सोमवार सुबह वह पगडंडी के रास्ते से कोचिंग जा रही थी, तभी परसा गांव और बघौनी के बीच एक बगीचे के रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां गुड़िया अचेतावस्था में मिली। उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

प्रेम प्रसंग और पुलिस की लापरवाही

गुड़िया के परिजनों ने बहेरी स्थित एक निजी हाई स्कूल के शिक्षक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी शिक्षक का गुड़िया की बड़ी बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका गुड़िया विरोध कर रही थी। इसी वजह से शिक्षक उससे नाराज था और लगातार धमकियां दे रहा था।

मृतका के भाई आनंद ने आरोप लगाया कि धमकियों से तंग आकर उन्होंने दो-तीन महीने पहले शिवाजीनगर थाने में इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद आज गुड़िया जिंदा होती।

आक्रोशित भीड़ ने किया हंगामा

घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपी शिक्षक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिवाजीनगर, सिंघिया और रोसड़ा सहित चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण पुलिस को छात्रा का शव उठाने नहीं दे रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर से बिहार में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हालात पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है।

Share it :

Table of Contents

लेटेस्ट न्यूज़