नीतीश कुमार को लेकर पप्पू यादव का बड़ा बयान: ‘वह आना चाहते हैं, कांग्रेस उन्हें सम्मान देगी’
पटना ब्रेकिंग: निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने आज पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिहार की राजनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए। उनका पूरा फोकस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और महागठबंधन की एकता पर रहा।

नीतीश कुमार को खुला ऑफर
पत्रकारों ने जब पप्पू यादव से पूछा कि क्या नीतीश कुमार चुनाव के बाद मुख्यमंत्री बनेंगे, तो उन्होंने सीधे कहा, “बिल्कुल नहीं।” उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) उन्हें सम्मान नहीं देगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस उनका सम्मान करेगी, तो पप्पू यादव का जवाब स्पष्ट था। उन्होंने कहा, “बिल्कुल वह आना चाहते हैं। चुनाव के बाद उनका सम्मान भी है, उनका स्वागत भी है। कांग्रेस उनका सम्मान भी करेगी और कांग्रेस उनका स्वागत भी करेगी।” यह बयान महागठबंधन के भविष्य को लेकर बड़ा संकेत माना जा रहा है।

NDA पर साधा निशाना, चिराग पासवान पर चुप्पी
महागठबंधन के एकजुट न होने के सवाल पर पप्पू यादव ने बचाव की मुद्रा अपनाई और पलटवार करते हुए कहा, “अकेला पप्पू यादव पूरे NDA पर भारी है, आप घबराइए नहीं।” उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे महागठबंधन से सवाल न पूछकर, भाजपा के नेताओं से सवाल पूछें कि उनमें एकजुटता कहाँ है। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनना चाह रहे हैं, सबसे बड़ा सवाल बिहार में अभी यही है।”
चिराग पासवान के खेल को लेकर पूछे गए सवाल पर पप्पू यादव ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
चुनावी माहौल पर दावा
पप्पू यादव ने यह दावा किया कि बिहार की पूरी जनता एकजुट है और NDA को वोट नहीं देना चाहती, बल्कि महागठबंधन को वोट करेगी।
उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के चुनावी कार्यक्रमों पर जानकारी देते हुए कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बिहार में चुनावी सभा छठ के बाद होगा।
महागठबंधन में चल रही खींचतान पर उन्होंने कहा, “महागठबंधन मर रही है या जी रही है इसकी चिंता आप लोग मत कीजिए।”





