पटना: बिहार की सियासत में फिल्मी सितारों की एंट्री ने चुनावी माहौल को और दिलचस्प बना दिया है। इसी कड़ी में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर अपने बयान से चुनावी तड़का लगा दिया।
चंदा देवी को लेकर बड़ा बयान
राजद की ओर से चुनाव लड़ रहीं चंदा देवी को लेकर पूछे गए सवाल पर खेसारी ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं चार दिन से उन्हें मना रहा हूं कि चुनाव लड़ें। अगर वो मान जातीं, तो मेरा सपना पूरा हो जाता।” हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह चंदा देवी पर कोई दबाव नहीं डालेंगे।
खुद चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं
जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या वे खुद चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं, तो खेसारी लाल यादव ने इस संभावना को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि, “मैं शुरू से राजनीति में सक्रिय नहीं था। टिकट तो कहीं से भी मिल सकता है, लेकिन मेरी इच्छा नहीं है कि मैं खुद चुनाव लड़ूं।”
तेजस्वी यादव से ‘भाई जैसा नाता’
खेसारी ने राजद नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव से अपने रिश्तों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनका तेजस्वी यादव से बड़ा भाई छोटे भाई जैसा रिश्ता है और उनके संबंध बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा, “कोशिश करूंगा कि उनके लिए प्रचार करूं और उन्हें जिताने में मदद करूं।”
छठ पर आएंगे 5 नए गाने
चुनावी बयानबाजी के बीच खेसारी लाल ने अपने फैंस के लिए भी खबर दी। उन्होंने बताया कि इस बार के छठ पर्व पर उनके पांच नए गाने रिलीज के लिए तैयार हैं, जिन्हें लेकर दर्शकों में खासा उत्साह रहेगा।
खेसारी लाल यादव की इस सक्रियता ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में, बल्कि भोजपुरी इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी है, खासकर उनके चंदा देवी से चुनाव लड़ने की इच्छा वाले बयान ने।





