राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में शनिवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। काज़ीपुर स्थित डर्टी वॉटर टैंक परिसर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से एक युवक को लहूलुहान हालत में बरामद किया, जिसे तत्काल पीएमसीएच भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान हर्ष कुमार उर्फ मृत्युंजय कुमार (पिता – ध्रुव कुमार, निवासी लंगरटोली वार्ड संख्या 42, वर्तमान पता – खेमेंचक, आदर्श नगर रोड नंबर 01, थाना रामकृष्ण नगर) के रूप में हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के संबंध में मृतक के पिता के बयान पर कदमकुआं थाना कांड संख्या 740/25, दिनांक 20.10.25 के तहत धारा 103 / 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी राहुल कुमार (28 वर्ष), पिता दिवालीराम, निवासी काज़ीपुर डोमखाना झोपड़पट्टी को पुलिस ने तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हत्या पुरानी दुश्मनी का परिणाम है। वर्ष 2019 में मृतक हर्ष ने आरोपी राहुल के भाई दाऊलत कुमार को गोली मारी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। उस समय कदमकुआं थाना कांड संख्या 531/19 के तहत मामला दर्ज कर हर्ष को जेल भेजा गया था।
हाल ही में हर्ष कुमार जेल से छूटकर लौटा था। बताया जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान उसने राहुल और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के बदले में राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तारी: राहुल कुमार (मुख्य आरोपी)
बरामदगी: मोबाइल फोन – 01





