पटना: बिहार महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर संकट गहरा गया है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी अपनी डिमांड पूरी न होने से खुश नहीं हैं और अपनी पार्टी के लिए 8 सीटों पर अड़े हुए हैं। उनकी इसी नाराजगी के कारण आज होने वाली उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस का समय दो बार बदला गया है। पहले 12 बजे, फिर 4 बजे और अब इसे शाम 6 बजे के लिए निर्धारित किया गया है।
राहुल गांधी ने संभाला मोर्चा
सूत्रों के हवाले से खबर है कि सीटों पर बात बिगड़ती देख कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुद मुकेश सहनी से फोन पर बात की है। बताया जा रहा है कि सहनी को मनाने और उनकी डिमांड को लेकर बीच का रास्ता निकालने की कोशिशें जारी हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस का समय बार-बार बढ़ाए जाने की वजह भी यही बातचीत बताई जा रही है।

तेजस्वी की दो टूक और सहनी का बदला रुख
सूत्रों के मुताबिक, RJD नेता तेजस्वी यादव ने सहनी को साफ कह दिया था कि अगर उन्हें महागठबंधन से चुनाव लड़ना है, तो उन्हें RJD की शर्तों पर ही लड़ना होगा। इसके बाद सहनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक ऐसी तस्वीर जारी की थी, जिसमें महागठबंधन के नेताओं की तस्वीरें नहीं थीं।
इस बीच, तेजस्वी यादव ने इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के मुखिया IP गुप्ता से मुलाकात की, जिसकी तस्वीर IP गुप्ता ने सोशल मीडिया पर शेयर की थी। हालांकि, 4 घंटे बाद सहनी ने एक बयान जारी कर कहा कि “महागठबंधन अटूट है। हम लोग महागठबंधन के साथ हैं।”
पटना में कार्यकर्ताओं में मारपीट
इधर, पटना के होटल मौर्या में सहनी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पहुँचे VIP कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई है, जिसका वीडियो वायरल हो गया है।
VIP प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार ने इस मामले पर सिर्फ इतना कहा है कि “सीटों को लेकर मामला फंसा हुआ है। नेता आपस में बातचीत कर रहे हैं। आशा है कि महागठबंधन में सब ठीक होगा।” फिलहाल, सभी की निगाहें शाम 6 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जिसमें सहनी बड़ा ऐलान कर सकते हैं।





