aekdamkadak.com

पटना पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई : विस्फोटक बरामदगी के बाद मचा हड़कंप, कई छात्र हिरासत में, 7 नंबर कमरे पर शक गहराया

पटना पुलिस ने मंगलवार को सुलतानगंज थाना क्षेत्र में स्थित डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब पुलिस को रात में इसी हॉस्टल से कुछ छात्रों को हिरासत में लेने और विस्फोटक सामग्री बरामद होने की सूचना मिली थी। इस बड़े अभियान का नेतृत्व सिटी पूर्वी एसपी परिचय कुमार और पटना सिटी एएसपी राज किशोर सिंह ने किया, जिसमें भारी संख्या में पुलिस बल शामिल था।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने हॉस्टल के निचले हिस्से में मौजूद रूम नंबर-7 से विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इसके बाद से ही पुलिस की जांच और तेज हो गई है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे परिसर की गहन छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रावास में कई लोग अवैध रूप से रह रहे थे, जिनकी पहचान की जा रही है।

पुलिस को हॉस्टल परिसर में खड़ी कुछ संदिग्ध गाड़ियां भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह सर्च अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक पूरी तरह से यह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि यहां कोई भी अवैध गतिविधि नहीं हो रही है। इस कार्रवाई का मकसद अवैध रूप से रह रहे लोगों पर शिकंजा कसना और परिसर को सुरक्षित बनाना है।

इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और छात्रों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share it :

Table of Contents

लेटेस्ट न्यूज़